राजीव गांधी राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पपरोला में शुक्रवार को रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंदर गोमा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल, एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, आयुष विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ चिकित्सालय एवं महाविद्यालय की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, रोगियों को बेहतर उपचार एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संस्थान के विकास से जुड़े विभिन्न जनहित के विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री यादविंदर गोमा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा संस्थान में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
वहीं बैठक में यह भी निर्णय लिया गया की अब तीमारदारों से 10 रुपये पर्ची शुल्क ओर अस्पताल के बाहर पार्किंग व्यवस्था शुल्क को भी आने वाले समय में पूरी रणनीति बनाकर लागू किया जाएगा ।
बैठक में रोगियों की सुविधा, चिकित्सकीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, आधारभूत ढांचे के विकास तथा भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
