मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार के 9वें चरण में पात्र लाभार्थियों को शामिल करना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी सूरत में पात्र लाभार्थी इस योजना से वंचित न रहें। पंचायत सचिव इस योजना के तहत गंभीरता से कार्य करें ताकि पात्रों को सरकार की योजना का लाभ मिले। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने यह बात आज खंड विकास कार्यालय में पंचायत सचिवों के साथ बैठक आयोजित कर यह बात कही।
उन्होंने कहा कि जल्द इस योजना के तहत सूची तैयार की जाए। सभी सचिव विशेष ध्यान दें कि कोई भी पात्र इस योजना से वंचित न हों और इस संबंध में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने योजना को लेकर सभी सचिवों को सूची तैयार करने को कहा और अगले माह के प्रथम सप्ताह में इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस योजना के तहत गंभीरता से कार्य करने पर बल दिया। साथ ही योजना के तहत शामिल लोगों की संख्या पर फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता हो तो पंचायत सचिव पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करें और पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करें। विधायक ने कहा कि बीपीएल और अपना परिवार सुखी परिवार दो अलग अलग योजनाएं हैं और इन योजनाओं पर सपष्ट स्थिति रखते हुए पंचायती राज विभाग मामले पर उचित कार्रवाई करे।
उन्होंने पंचायती राज के अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के नौवें चरण की जानकारी पात्र एवं छूटे हुए परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र परिवारों को योजना के लाभ से जोड़ना सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।
इस मौके पर विधायक ने विभिन्न पंचायतों की समस्याओं, लंबित कार्यों, नई योजनाओं और लंबित धनराशि के व्यय पर बी मंथन किया।
बैठक में कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी विजय कुमार, पंचायत निरीक्षक ध्रुव सिंह भूरिया सहित विभिन्न पंचायतों के सचिव, विभाग के तकनीकि कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
