बैजनाथ मंदिर के समग्र विकास के लिए केंद्र से उठी मजबूत आवाज, सांसद अनुराग शर्मा ने रखी प्रमुख मांगें

Prince Kumar
2 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

विश्व प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री बैजनाथ शिव मंदिर के समग्र विकास, संरक्षण और श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर मंदिर के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की तथा मांगपत्र सौंपा।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि भगवान शिव को समर्पित श्री बैजनाथ मंदिर देश की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों में एक विशिष्ट स्थान रखता है। प्रतिवर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है।

मांगपत्र में मंदिर उद्यान के सौंदर्यीकरण, आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं उन्नयन, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु हैंडपंप स्थापना, मंदिर की छत के संरक्षण एवं मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा हाई-मास्ट एलईडी लाइटों के माध्यम से बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

सांसद ने यह भी आग्रह किया कि विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में पर्यटकों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर पर्यटन अवसंरचना को और सुदृढ़ किया जाए, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिल सके।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसद अनुराग शर्मा को आश्वस्त किया कि बैजनाथ मंदिर एवं बीड़-बिलिंग से संबंधित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह पहल न केवल बैजनाथ मंदिर के संरक्षण और विकास को नई दिशा देगी, बल्कि धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। इससे स्थानीय रोजगार, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ बैजनाथ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक पहचान मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *