पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में अंब अग्निशमन केंद्र को पूर्ण फायर स्टेशन का दर्जा देने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान अंब में अग्निशमन केंद्र की पोस्ट शुरू की गई थी, लेकिन 14 वर्ष बीत जाने के बाद भी इसे पूर्ण फायर स्टेशन का स्वरूप नहीं मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिंतपूर्णी (अंब) और गगरेट विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त आबादी तीन लाख से अधिक हो चुकी है। इतनी बड़ी आबादी और लगातार बढ़ रही जरूरतों के बावजूद जनभावनाओं के अनुरूप यहां पूर्ण फायर स्टेशन स्थापित नहीं किया गया, जो क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है।
बलबीर सिंह ने बताया कि जब अंब में अग्निशमन केंद्र शुरू हुआ था, उस समय कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, धर्मशाला द्वारा एक छोटी फायर वाहन उपलब्ध करवाई गई थी। अब वह वाहन पूरी तरह खराब हो चुकी है और चलने योग्य नहीं रही। वर्तमान में उपलब्ध बड़ी फायर ब्रिगेड में केवल 3500 लीटर पानी की क्षमता है, जो बड़े अग्निकांडों से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि अग्निशमन केंद्र में गंभीर संसाधनों की कमी बनी हुई है। केंद्र में केवल दो ब्रीदिंग ऑपरेशन सेट उपलब्ध हैं, जबकि आवश्यकता कम से कम 14 सेटों की है। इसी प्रकार फायर कर्मियों के लिए केवल पांच फायर सूट उपलब्ध हैं, जबकि 14 सूट होने चाहिए। आग बुझाने में इस्तेमाल होने वाले डिलीवरी पाइप भी कई स्थानों से क्षतिग्रस्त और छेदों से भरे हुए हैं, जिससे आपात स्थिति में कार्य प्रभावित होता है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि अग्निशमन केंद्र के अधिकारियों द्वारा आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की मांग कई बार संबंधित विभाग के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन बजट के अभाव में आज तक इन मांगों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय विधायक को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन बजट स्वीकृत करवाने में सफलता नहीं मिल सकी।
उन्होंने हाल ही में ग्राम पंचायत अंब टिल्ला और मुबारिकपुर में आग लगने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन हादसों में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। उनका कहना था कि ऊना और चिंतपूर्णी से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देर से पहुंचीं, जिसके कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका और नुकसान बढ़ गया।
बलबीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अंब में पूर्ण फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग कर रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि अंब अग्निशमन केंद्र को जल्द पूर्ण फायर स्टेशन का दर्जा दिया जाए तथा आधुनिक उपकरण, पर्याप्त फायर वाहन, ब्रीदिंग सेट, फायर सूट और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि आपात स्थितियों में लोगों की जान-माल की प्रभावी ढंग से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
14 साल बाद भी पूर्ण फायर स्टेशन का इंतजार, संसाधनों की कमी से जूझ रहा अंब अग्निशमन केंद्र: बलबीर सिंह
Leave a Comment
