गौरव सेठी परागपुर
राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए भूकंप जागरूकता एवं आपदा प्रबंधन विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें विज्ञान संकाय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन डॉ. अरविंद कुमार रहे, जो वर्तमान में ताइवान में कार्यरत हैं तथा भूकंप विज्ञान के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भूकंप के वैज्ञानिक कारणों, भूकंप कैसे और किन परिस्थितियों में उत्पन्न होते हैं तथा विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में इनके आने के कारणों के बारे में अत्यंत सरल एवं रोचक ढंग से विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान विज्ञान भूकंप का सटीक समय पहले से बताने में सक्षम नहीं है, लेकिन आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से भूकंपीय गतिविधियों का अध्ययन कर संभावित जोखिम का आकलन किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाने, “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” जैसी सुरक्षा तकनीकों को अपनाने तथा आपदा के समय आवश्यक सावधानियाँ बरतने की विस्तृत जानकारी देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी भूकंप से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. अरविंद कुमार ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम में भौतिकी विभाग से डॉ. मनोज काहोल, डॉ. रमन कुमार एवं प्रो. रितिका रानी तथा रसायन विज्ञान विभाग से प्रो. नैना सिंह एवं प्रो. मनीषा उपस्थित रहीं।
अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने मुख्य वक्ता का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सजग एवं उत्तरदायी नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
