नगर निगम पालमपुर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज कार्य के दौरान व्याप्त अव्यवस्था को लेकर उपमंडल दंडाधिकारी पालमपुर डॉ. ओपी यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। डॉ. यादव ने लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बुटेल चौक से मंगलानी चौक तथा न्यूग्ल कैफे से एसएसबी चौक तक के प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने पाया कि सीवरेज कार्य के चलते निकले मलबे को नालियों के किनारे ही छोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर कार्य पूर्ण न होने के कारण उड़ती धूल और जर्जर सड़कों से स्थिति और भी विकट हो गई है। आम जनता को हो रही इन दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने मौके पर ही संबंधित ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दी है।
एसडीएम डॉ. ओपी यादव ने अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगले 10 दिनों के भीतर कार्य में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से नालियों के किनारे जमा मलबे को तुरंत हटाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य संतोषजनक ढंग से पूर्ण नहीं होता है, तो प्रशासन द्वारा ठेकेदार को औपचारिक नोटिस जारी किया जाएगा और मामले में नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाना है ताकि सड़क पर टारिंग (तारकोल) का कार्य जल्द से जल्द शुरू हो सके और जनता को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।