हर वर्ष 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला पृथ्वी दिवस हमें पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है।
इसी कड़ी में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में नेस्ले इंडिया और प्लान फाउंडेशन की परियोजना हिलदारी, नगर निगम पालमपुर एवं एम्स आईटीआई ठाकुरद्वारा के संयुक्त प्रयास से एक स्वच्छता अभियान (क्लीनअप ड्राइव) का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान में एम्स आईटीआई ठाकुरद्वारा के छात्रों एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग ले कर 160 किलो कचरा एकत्रित किया।
यह सफाई अभियान पर्ल सिनेमा से ठाकुरद्वारा पेट्रोल पंप एवं आसपास के क्षेत्रों में चलाया गया, और क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संयुक्त नगर आयुक्त एचएएस रमेश कुमार जी, एम्स आईटीआई ठाकुरद्वारा के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री कुशल कटोच, प्रधानाध्यापक अंजना जी, अध्यापकगण, छात्रगण, वार्ड नं. 1 से प्रदीप जी एवं नेस्ले इंडिया और प्लान फाउंडेशन की परियोजना हिलदारी की टीम उपस्थित रही।
इस अवसर पर संयुक्त नगर आयुक्त ने अपने संबोधन में पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है। उन्होंने पालमपुर वासियों से अपील की कि वे अपने घरों और कार्यस्थलों पर कचरे को अलग-अलग करें—जैसे गीला, सूखा और बायोमेडिकल कचरा—ताकि कचरे का सही प्रबंधन हो सके और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे प्लास्टिक का कम उपयोग, स्वच्छता बनाए रखना और कचरे का पृथक्करण, मिलकर एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।
इस अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।यह संयुक्त प्रयास पालमपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है।
नेस्ले इंडिया और प्लान फाउंडेशन की परियोजना हिलदारी शहर में कचरा प्रबंधन को लेकर सक्रिय है I यह संस्था शहर में साफ़ सफाई और स्रोत पृथक्करण को लेकर समाज में जागरूकता लाने के लिए काम कर रही है, और साथ ही, अपशिष्ट श्रमिकों को पेशेवर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
Leave a Comment