सिविल अस्पताल पालमपुर में स्थापित होगी एमआरआई मशीन : आशीष बुटेल

Prince Kumar
4 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि सिविल अस्पताल पालमपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है तथा शीघ्र ही अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 50 बिस्तरों की क्षमता वाले मदर एंड चाइल्ड अस्पताल भवन का निर्माण भी किया जाएगा।

विधायक आशीष बुटेल शनिवार को सिविल अस्पताल पालमपुर की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की गवर्निंग बॉडी की वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक का आयोजन एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव की अध्यक्षता में किया गया।

आशीष बुटेल ने कहा कि सिविल अस्पताल पालमपुर प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल है और यहां नई स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एमआरआई मशीन स्थापित करने तथा मदर एंड चाइल्ड अस्पताल भवन के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान अस्पताल में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने तथा चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए प्रभावी प्रयास किए गए हैं और शेष रिक्त पदों को भी शीघ्र भरा जाएगा।

विधायक ने कहा कि वर्तमान में अस्पताल में 26 चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल ने कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जबकि जिला भर में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से आगामी वर्ष प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए और अधिक प्रयास करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में पार्किंग निर्माण कार्य भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा तथा डेंटल भवन के निर्माण कार्य को भी शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में तीन शहरी स्वास्थ्य केंद्रों को भी जल्द कार्यशील बनाया जाएगा, जिससे लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक ने रोगी कल्याण समिति के सदस्यों, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए अस्पताल में और अधिक सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने अपने सुझाव भी साझा किए तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में सर्वसम्मति से वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1 करोड़ 86 लाख 27 हजार रुपये के बजट को अनुमोदित किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम डॉ. ओपी यादव ने सभी आरकेएस सदस्यों से जनसहभागिता के माध्यम से अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहयोग देने का आह्वान किया तथा विधायक द्वारा दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।

बैठक प्रारंभ होने से पूर्व अस्पताल को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सहयोग प्रदान करने वाले दानी सज्जनों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तिलक भागड़ा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. डोली बिंद्रा, नव निर्वाचित पार्षद राधा सूद, खंड विकास अधिकारी पालमपुर राजेश्वर भाटिया, दानी सज्जन रमेश मदान, आरकेएस के मनोनीत सदस्य सुरेंद्र सूद, गोपाल सूद तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *