(चंद्र प्रकाश नेगी): अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
संजय अवस्थी बुधवार को खंड विकास कार्यालय कुनिहार में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे भवन तथा ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे शुरू होने से क्षेत्र के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विधायक ने कहा कि ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है।
इसके उपरांत संजय अवस्थी ने सामुदायिक भवन कुनिहार में खंड विकास कार्यालय कुनिहार द्वारा आयोजित ‘पंच सम्मेलन’ की अध्यक्षता की। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं को चिन्हित कर विकास कार्यों को गति देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना, युवाओं एवं विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना तथा ग्राम पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
संजय अवस्थी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाने तथा ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास से ही प्रदेश और जिले के विकास को गति मिलती है। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सम्मेलन के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
लोगों को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता : संजय अवस्थी
Leave a Comment
