रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक विकसित होगा ‘न्यू हरोली विकास पथ’: मुकेश अग्निहोत्री

Prince Kumar
4 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और योजनाबद्ध विकास से जोड़ते हुए ‘न्यू हरोली विकास पथ’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने यह बात जल भवन हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली की तर्ज पर विकसित हो रही ‘न्यू हरोली’ एक वर्ष के भीतर क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनकर उभरेगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक करीब चार करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य शुरू हो चुका है। इस क्षेत्र में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैफिक पार्क तथा करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से जल शक्ति भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट और लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि वाहनों की पासिंग के लिए ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन, न्यायिक परिसर, इंडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, उद्योग विभाग का कार्यालय तथा पूर्व सैनिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा। इन कार्यों की प्रत्येक दो सप्ताह बाद समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे हो सकें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक मार्ग का विकास नहीं, बल्कि हरोली को आधुनिक, सुविधासंपन्न तथा सुनियोजित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की व्यापक योजना है।
उन्होंने कहा कि न्यू हरोली क्षेत्र में कैमरे और स्पीड राडार लगाए जा रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए पेयजल प्याऊ, रेन शेल्टर, बैठने की व्यवस्था तथा विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए डिजिटल स्क्रीन भी स्थापित की जा रही हैं।
‘चल मंदरा नूं चलिए’ 50 बसों से धार्मिक यात्रा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली की ओर से विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए ‘चल मंदरा नूं चलिए’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत 50 बसों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को चिंतपूर्णी, नैना देवी, ज्वालाजी और बाबा बालक नाथ मंदिरों की यात्रा करवाई जाएगी।
महिला, एससी, पूर्व सैनिक, युवा और ओबीसी सम्मेलन होंगे
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में महिला, अनुसूचित जाति, पूर्व सैनिक, युवा और ओबीसी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र में ‘हरोली जोड़ो अभियान’ भी चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य लोगों को विकास की प्रक्रिया से और अधिक मजबूती से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हर माह के पहले रविवार को होने वाली अगली बैठक पालकवाह ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। यह बैठक विस्तारित जनरल हाउस के रूप में होगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सुमन ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर कौर, चौधरी धर्म सिंह, अशोक ठाकुर, पवन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला और ज्योति वाला, सुभद्रा चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता और कमेटी के सदस्य मौजूद थे।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *