राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में आईटीआई नैहरियां की मोनिका को मिला प्रथम स्थान

Prince Kumar
3 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

एसओटी ( एंब्रायडरी ) व्यवसाय की राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के घोषित परिणाम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरियां की मोनिका ने पहला स्थान प्राप्त किया है। गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शमशी ( कुल्लू ) में आयोजित हुई थी , जिसमें सात जिलों के प्रशिक्षु प्रतिभागियों ने भाग लिया था ।
आदर्श नगर ( अम्ब ) की मोनिका सुपुत्री सुदर्शन कुमार ने इस प्रतियोगिता में उच्च स्तर की तकनीकी दक्षता , रचनात्मकता एवं प्रस्तुतीकरण का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में पहला स्थान प्राप्त कर संस्थान एवं जिला ऊना का नाम गौरवान्वित किया है ।
उल्लेखनीय है कि मोनिका ने इस प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में एसओटी ( एंब्रॉयडरी ) व्यवसाय के अंतर्गत ऊना जिला में प्रथम स्थान प्राप्त किया था । प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपरांत उनका चयन राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के लिए हुआ था । राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रदेश भर के साथ जिलों से इस व्यवसाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षु प्रतिभागियों ने भाग लिया था , जिनके मध्य मोनिका ने अपनी अनुदेशिका आशा रानी के कुशल मार्गदर्शन व अपनी प्रतिभा , तकनीकी दक्षता एवं कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में प्रथम स्थान अर्जित किया ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरियां के प्रधानाचार्य परवेश शर्मा ने प्रशिक्षु मोनिका को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रशिक्षु मोनिका की मेहनत एवं एसओटी ( एंब्रॉयडरी ) व्यवसाय की अनुदेशिका आशा रानी के उत्कृष्ट मार्गदर्शन , समर्पण एवं अथक प्रयासों को देते हुए उन्हें भी हार्दिक बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण , प्रशिक्षु की लगन और अनुदेशिका के समर्पण का प्रतिफल है । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरियां के प्रशिक्षु राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कौशल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान , जिला एवं प्रदेश का नाम निरंतर रोशन करते रहेंगे।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरियां परिवार इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रशिक्षु मोनिका एवं अनुदेशिका आशारानी को बधाई देता है तथा उनके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना करता है ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *