सहायक आयुक्त (मंदिर) एवं एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि शिव मंदिर न्यास बैजनाथ द्वारा प्रथम चरण में उपमंडल बैजनाथ के स्थायी निवासियों के जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, स्नातक/स्नातकोत्तर शिक्षा तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदक का उपमंडल बैजनाथ का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। उच्च शिक्षा के लिए न्यूनतम 65 प्रतिशत तथा स्नातक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। उच्च शिक्षा के लिए 2 हजार रुपये प्रतिमाह तथा कोचिंग के लिए 4 हजार रुपये तक प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि में आवश्यकतानुसार परिवर्तन सक्षम समिति द्वारा निर्धारित किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए स्नातक तक की शिक्षा के 20, स्नातकोत्तर तक की शिक्षा के 10 तथा प्रतियोगी परीक्षा/कोचिंग के लिए 15 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। छात्रवृत्ति के लिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। वार्षिक पारिवारिक आय की अधिकतम सीमा 5 लाख रुपये निर्धारित की गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार अथवा केंद्र सरकार की किसी संस्था से पहले से छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे विद्यार्थी इस छात्रवृत्ति के लिए पात्र नहीं होंगे।
एस डी एम संकल्प गौतम ने बताया कि आवेदन के साथ पिछली उत्तीर्ण कक्षाओं के प्रमाण-पत्र, हिमाचल बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र तथा बैंक खाते के प्रथम पृष्ठ की प्रति संलग्न करना अनिवार्य है। पात्र अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट तथा साक्षात्कार भी आयोजित किया जाएगा जिसकी सूचना अलग से प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान केवल आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक पात्र विद्यार्थी 31 अक्तूबर, 2026 तक अपना आवेदन सहायक आयुक्त (मंदिर) एवं उपमंडलाधिकारी (ना.), बैजनाथ के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
बैजनाथ मंदिर न्यास द्वारा जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की जाएगी छात्रवृत्ति, 31 अक्तूबर तक आवेदन आमंत्रित
Leave a Comment
