सेवानिवृत्ति के दिन मानद उच्च रैंक देना कर्मचारियों के साथ अन्याय, सेवानिवृत से पहले मिले ऑनरेरी रैंक का लाभ : पुलिस पैंशनर्स

Prince Kumar
3 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

पुलिस पैंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने पुलिस विभाग द्वारा सेवानिवृत्ति के दिन मानद (ऑनरेरी) उच्च रैंक प्रदान किए जाने के निर्णय को कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार से इस व्यवस्था में संशोधन की मांग की है।
एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर सहित पुष्पा सूद, नेकीराम, चमनलाल, नागेंद्र ठाकुर, दीपराम ठाकुर, प्रेम कंवर, रत्तीराम शर्मा, जीतराम भारद्वाज, श्यामलाल ठाकुर, सतपाल शर्मा, जसबीर सिंह, श्यामलाल भाटिया, संतराम चंदेल, पतराम, जगदीश ठाकुर, नित्य प्रकाश, बेद ठाकुर, बीना देवी तथा समस्त कार्यकारिणी ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के माध्यम से जानकारी मिली है कि पुलिस विभाग के 13 अराजपत्रित अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के दिन मानद उच्च पद (ऑनरेरी रैंक) प्रदान किया जाएगा।
एसोसिएशन का कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों के हित में नहीं है, क्योंकि जिस दिन कर्मचारी सेवानिवृत्त होगा, उसी दिन उसे अगला ऑनरेरी रैंक देने का कोई व्यावहारिक लाभ नहीं मिलेगा। संगठन के अनुसार जिला सोलन पुलिस पैंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन कई वर्षों से सरकार और पुलिस मुख्यालय के समक्ष लिखित रूप से यह मांग उठाती रही है कि जिन कर्मचारियों की पदोन्नति (प्रमोशन) देय हो और वे सेवानिवृत्ति के निकट हों, उन्हें कम से कम छह माह पहले मानद उच्च रैंक प्रदान किया जाए, ताकि वे उस रैंक पर सेवा देने के साथ-साथ उससे मिलने वाले लाभ भी प्राप्त कर सकें।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि उनकी मूल मांग पर विचार नहीं किया गया। जबकि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप जारी आदेश में केवल सेवानिवृत्ति के दिन ऑनरेरी रैंक देने का प्रावधान किया गया है। संगठन का कहना है कि इस व्यवस्था से संबंधित कर्मचारियों को न तो कोई वित्तीय लाभ मिलेगा और न ही सेवा अवधि में उच्च रैंक पर कार्य करने का अवसर।
पुलिस पैंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि इस निर्णय की पुनः समीक्षा की जाए और ऑनरेरी रैंक से संबंधित लाभ उन कर्मचारियों को भी दिए जाएं, जो वर्षों तक एक ही रैंक पर सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं। संगठन का कहना है कि ऐसे कर्मचारी भी इस सम्मान और लाभ के वास्तविक हकदार हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *