पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष बुटेल ने अप्पर डाढ़ में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। लगभग 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस पंचायत भवन से स्थानीय लोगों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और पंचायत भवन स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पंचायत भवन के ऊपरी हिस्से में पुस्तकालय का निर्माण 50 लाख रुपये की धनराशि से किया जाएगा। पुस्तकालय बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त पंचायत भवन में हॉल के निर्माण की योजना भी है, जिससे स्थानीय लोगों को विभिन्न बैठकों और सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक ने पंचायत क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मैदान के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की आवश्यकता तथा तत्काल कार्य शुरू करने के लिए 2.50 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की बात कही। इसके अलावा ओपन जिम के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही पंचायत भवन के लिए फर्नीचर के लिए 1.50 लाख रुपए देने की घोषणा की। विधायक आशीष बुटेल ने महिला मंडलों को 15 हज़ार रुपए देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने तथा विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक आशीष बुटेल ने राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही वंशिका को सम्मानित किया। उन्होंने वंशिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से युवाओं का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पंचायत प्रधान नीता कपूर, उपप्रधान सुरेश, अश्वनी कौंडल, बीडीओ हरि कृष्ण, डीआरडीए के अधिशाषी अभियंता एनसी नेगी, पंचायत निरीक्षक ध्रुब सिंह भूरिया, प्यार चंद, राज कुमार और दुर्गेश चंद ,विजय कुमार, मदन लाल चौधरी, कमल कपूर, त्रिलोक चंद, नरेश कुमार, सुनीता, सोनू, ज्योति, पूजा, पंचायत सचिव महिंदर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
