युवाओं का जीवन के प्रति दृष्टिकोण ही प्रगति एवं राष्ट्र की उन्नति का आधार: संजय अवस्थी

Prince Kumar
6 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं का जीवन के प्रति दृष्टिकोण ही प्रगति एवं राष्ट्र की उन्नति का आधार है तथा शिक्षा इस दृष्टिकोण को परिष्कृत कर सही दिशा प्रदान करती है। संजय अवस्थी आज राजकीय महाविद्यालय अर्की के वार्षिक समारोह में उपस्थित छात्रों, अध्यापकों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षित समाज देश एवं प्रदेश की उन्नति का आधार है। शिक्षा, युवाओं में सही सोच विकसित कर उन्हें अपने लक्ष्य को निरन्तर प्राप्त करने के लिए तैयार करती है। उन्होंने कहा कि सही समय पर प्राप्त सही लक्ष्य युवाओं को बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है और यही प्रेरणा स्थाई उन्नति का आधार बनती है।
विधायक ने कहा कि शिक्षा आजीविका का साधन प्रदान कर स्वावलम्बी युवा शक्ति का निर्माण करती है। इसके लिए यह आवश्यक है कि युवा पारम्परिक ज्ञान के साथ वर्तमान समय के अनुरूप व्यावसायिक दक्षता भी प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू के भविष्योन्मुखी नेतृत्व में इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए युवाओं को कृत्रिम मेधा जैसी विभिन्न तकनीकों में पांरगत बनाने के लिए अनेक व्यवसायिक पाठ्यक्रम आरम्भ किए गए हैं। उन्होंने महाविद्यालय प्रबन्धन से आग्रह किया कि महाविद्यालय में दक्षता उन्नयन, कृत्रिम मेधा जैसे रोज़गारपरक विषयों में पाठ्यक्रम आरम्भ करने के लिए प्रस्ताव प्रेषित करें।
संजय अवस्थी ने कहा कि महाविद्यालय में ऐसे विशेष परामर्श सत्र आयोजित किए जाने चाहिएं जिनमें विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ, छात्रों को व्यावसायिक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में प्रस्ताव उन्हें प्रेषित किया जाए ताकि आवश्यकता अनुसार धन की व्यवस्था की जा सके।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी स्तरों पर प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। एक और जहां प्राथमिक स्तर पर अंग्रेज़ी माध्यम में शिक्षा आरम्भ की गई है वहीं सभी विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं को बेहतर शिक्षा के लिए एक ही स्थान पर उत्तम सुविधाएं प्राप्त हो सकें। समान शिक्षा की दृष्टि से प्रदेश के विद्यालयों में सी.बी.एस.ई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक 140 विद्यालयों में सी.बी.एस.ई पाठ्यक्रम लागू किया गया है।
संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए 03 राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में इस शैक्षणिक सत्र से 04 विद्यालयों में सी.बी.एस.ई पाठ्यक्रम भी लागू किया जा रहा है। इन सभी निर्णयों से छात्र व्यापक तौर पर लाभान्वित होंगे।
विधायक ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय अर्की में उनके प्रयासों से इतिहास तथा अंग्रेज़ी विषय में पी.जी. कक्षाएं आरम्भ हो गई हैं जबकि इस सत्र से हिन्दी तथा राजनीति शास्त्र में भी पी.जी. कक्षाएं आरम्भ कर दी जाएंगी। इस निर्णय से विशेष रूप से छात्राएं व्यापक स्तर पर लाभान्वित होंगी।
उन्होंने इस असवर पर युवाओं से आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इस अभिशाप से बचाएं। उन्हांने अभिभावकों से आग्रह किया कि युवाओं को अपनी परम्पराओं, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की जानकारी अवश्य प्रदान करें ताकि आज के युवा भविष्य के जागरूक नागरिक और ज़िम्मेदार अभिभावक बनें। उन्होंने अध्यापकों से आग्रह किया कि युवाओं की सोच को सही दिशा प्रदान करने में सहायक बनें
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए आशा जताई कि अन्य भी इन छात्रों के प्रदर्शन से प्रोत्साहित होंगे। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि समाज सेवा के लिए राजनीति को भी चुनें और आयोजित होने वाले पंचायती राज संस्थाओं एवं अन्य चुनावों में विजय हासिल कर क्षेत्र के विकास को गति देने का माध्यम बनें।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में स्थापित यह महाविद्यालय आज पूरे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के प्रसार का माध्यम बना है। उन्होंने आशा जताई कि यह महाविद्यालय भविष्य में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा।
उन्होंने आयोजन समिति को 21000 रुपये देने की घोषणा की।
प्रधानाचार्य सुनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और वाषिर्क रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, राजेन्द्र रावत, अनुज गुप्ता, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रोशन वर्मा, उपभोक्ता विपणन महासंघ सोलन के निदेशक सुरेन्द्र ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ता भीम सिंह ठाकुर, अभिभावक-शिक्षक संघ की अध्यक्षा ममता शर्मा, उपाध्यक्ष ज्योति गुप्ता, ग्राम पंचायत बखालग के पूर्व प्रधान कृपा राम, अन्य गणमान्य व्यक्ति, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, छात्र, अध्यापक, अभिभावक एवं अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *