पुलिस थाना रक्कड़ के तहत गांव मौआं (तहसील रक्कड़, जिला काँगड़ा) के निवासी अविनाश (पुत्र श्री देशराज) द्वारा दर्ज करवाई गई एक गंभीर शिकायत के मामले में देहरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनके रिश्तेदारों ने बेईमानी की नीयत से उनके लगभग 4 से 4.5 किलोग्राम सोने, चांदी व हीरे के आभूषण, 2.5 करोड़ रुपये की नकदी और आवश्यक दस्तावेज (पासपोर्ट व जमीनी कागजात) छुपा दिए हैं।
शिकायत के आधार पर रक्कड़ पुलिस ने दिनांक 29 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 61(2) के तहत FIR संख्या 36/2026 पंजीकृत की थी। चूंकि घटना की रिपोर्ट करीब 3 महीने बाद पुलिस को दी गई थी, इसलिए शुरुआत में कोई ठोस साक्ष्य उपलब्ध नहीं थे।
विशेष जांच टीम (SIT) का गठन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (पुलिस जिला देहरा) ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। इस टीम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, SDPO ज्वालामुखी श्री राम प्रसाद जसवाल को सौंपी गई। SIT में निरीक्षक सुरिन्दर सिंह (थाना प्रभारी डाडासिबा), उप-निरीक्षक ईलम दीन (प्रभारी पुलिस थाना रक्कड़) और मुख्य आरक्षी सावन (प्रभारी साइबर सैल) को शामिल किया गया।
अब तक की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
तकनीकी व प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर SIT ने 1 जुलाई 2026 को चार आरोपियों—राजकुमार व तृप्ता देवी (निवासी निहारी, तहसील रक्कड़) और राजकुमारी व प्रतीक्षा शर्मा (निवासी कटोह, तहसील रक्कड़)—को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक संदिग्ध ब्रीफकेस, 801 अमेरिकी डॉलर, पासपोर्ट, जमीनी दस्तावेज और सोने-हीरे के कुछ आभूषण बरामद किए गए।
इसके बाद, तकनीकी साक्ष्यों की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने डेरा बस्सी (मोहाली, पंजाब) में नेहा, हरवंश और बृज भूषण के रिहायशी मकान पर छापेमारी की। वहां से मामले में वांछित भारी मात्रा में नकदी और आभूषण बरामद हुए, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में दो अन्य आरोपियों—प्रतिभा शर्मा और भारती—ने माननीय उच्च न्यायालय शिमला से अग्रिम जमानत हासिल की है और उन्हें भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
बरामदगी का ब्योरा
-
कुल गिरफ्तारियां: 7 आरोपी गिरफ्तार (2 अग्रिम जमानत पर)
-
नकद राशि: ₹90,00,000 (नब्बे लाख रुपये)
-
विदेशी मुद्रा: 801 US Dollar
-
आभूषण: 1 किलो 324 ग्राम सोना व अन्य आभूषण (अनुमानित मूल्य लगभग ₹2 करोड़)
-
अन्य सामान: पासपोर्ट और जमीनी दस्तावेज
पुलिस जिला देहरा द्वारा मामले की गहराई से जांच जारी है। शेष बची नकद राशि व आभूषणों की बरामदगी तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
