तृतीय राज्य स्तरीय तैराकी चयन ट्रायल की तैयारियों को लेकर समिति की अहम बैठक

Prince Kumar
3 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

कुठेड़ा खैरला स्थित शाइन स्विमिंग पूल अकादमी में 18 जुलाई को आयोजित होने वाले तृतीय राज्य स्तरीय तैराकी चैंपियनशिप-2026 के चयन ट्रायल की तैयारियों को लेकर बुधवार को अकादमी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रशीद मोहम्मद ने की। इस दौरान प्रतियोगिता के सफल आयोजन, खिलाड़ियों की सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में समिति ने निर्णय लिया कि चयन ट्रायल के माध्यम से जिला ऊना और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं को अपनी तैराकी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का बेहतर मंच मिलेगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय तैराकी चैंपियनशिप में जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे। समिति ने अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील भी की।
बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समिति ने जल्द ही जल सुरक्षा एवं आपदा के समय आत्मरक्षा (वॉटर रेस्क्यू) प्रशिक्षण शुरू करने की घोषणा की। इस प्रशिक्षण में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को पानी में डूबने की घटनाओं के दौरान सुरक्षित बचाव, प्राथमिक सहायता तथा स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे। समिति के अनुसार इस पहल का उद्देश्य केवल तैराक तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे नागरिक तैयार करना है जो आपातकालीन परिस्थितियों में अमूल्य मानव जीवन बचाने में भी सक्षम हों।
समिति के अध्यक्ष रशीद मोहम्मद ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और तैराकी को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ जल सुरक्षा का प्रशिक्षण समय की आवश्यकता है और इससे समाज को भी लाभ मिलेगा।

समिति ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 16 जुलाई, 2026 तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, ताकि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
बैठक में अध्यक्ष रशीद मोहम्मद, उपाध्यक्ष कंचन रायजादा, राजेश ठाकुर (छोटू भाई) और नरेश बरोटिया, महासचिव रुस्तम अली, सचिव विजय अशरफ, कोषाध्यक्ष सुल्तान अली, मुख्य सलाहकार मदन लाल, मीडिया प्रभारी स्पर्श शर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य दिलशान मोहम्मद, अमित गौतम और मनोज शर्मा उपस्थित रहे। समिति ने सभी सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *