स्वच्छता बनाए रखने में सभी की सहभागिता आवश्यक : उपायुक्त हेमराज बैरवा

Prince Kumar
4 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ साइट बिलिंग में सामूहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में उपमंडलाधिकारी (ना०) बैजनाथ संकल्प गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान टेक ऑफ साइट तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पर्यटन स्थल की सुंदरता बनाए रखने का संदेश दिया गया। स्वच्छत अभियान के दौरान 350 किलोग्राम कूड़े को एकत्रित किया गया।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि बीड़-बिलिंग विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल होने के साथ-साथ कांगड़ा जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र भी है। यहां देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों, व्यापारियों, पर्यटन गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों तथा पर्यटकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थल क्षेत्र की पहचान को और अधिक सुदृढ़ बनाते हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टेक ऑफ साइट तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर उचित दूरी पर उत्तम गुणवत्ता के कूड़ेदान स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गीले और सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग कूड़ेदान रखे जाएं, ताकि कचरे का उचित पृथक्करण एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए वर्षा जल संरक्षण की व्यवस्था करने तथा पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यकतानुसार टैंकों के निर्माण की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आगामी समय में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए टेक ऑफ साइट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैट बिछाने तथा उचित मिट्टी का भराव करने को कहा, ताकि पैराग्लाइडिंग के टेक ऑफ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
उपायुक्त ने स्वच्छता अभियान को नियमित रूप से संचालित करने पर बल देते हुए महीने में कम से कम एक बार ऐसे सामूहिक स्वच्छता अभियान आयोजित करने का आह्वान किया।
स्वच्छता अभियान का आयोजन वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग एवं सहभागिता से किया गया। अभियान में नगर पंचायत बीड़ के कर्मचारियों, स्थानीय महिला मंडलों, पर्यटकों, स्कूली शिक्षकों तथा स्थानीय दुकानदारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ऐसी संस्थाओं की सहभागिता से स्वच्छता अभियानों को प्रभावी बनाने तथा लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *