विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने आज संसाल से ठठारना गांव तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा मौके पर किए जा रहे विभिन्न कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य की गति तथा निर्माण कार्य में प्रयुक्त की जा रही सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा का सुदृढ़ होना स्थानीय लोगों के आवागमन, कृषि गतिविधियों तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संसाल से ठठारना गांव तक सड़क का निर्माण पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्रामीणों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने दूरभाष के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को इसका लाभ जल्द मिल सके।
