विधायक आशीष बुटेल ने किया 5 लाख रुपए की लगत से निर्मित वन वाटिका का लोकार्पण

Prince Kumar
2 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

विधायक पालमपुर आशीष बुटेल ने आज नगर निगम पालमपुर के अंतर्गत वार्ड नंबर 14 बनूरी मतेहड़ में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित वन वाटिका का विधिवत लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने वन वाटिका परिसर में एरोकेरिया का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हरित पहलें न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

विधायक आशीष बुटेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और शहरी क्षेत्रों में खुले एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शहरी और ग्रामीण स्तर पर हरित क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है जिससे लोगों को स्वच्छ हवा, प्राकृतिक सौंदर्य और स्वस्थ जीवनशैली का लाभ मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि पालमपुर क्षेत्र को एक आदर्श, स्वच्छ और हरित शहर बनाने के लिए अनेक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। वन वाटिका जैसे प्रोजेक्ट न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं बल्कि स्थानीय लोगों के लिए सामाजिक गतिविधियों का भी एक बेहतर केंद्र होते हैं।

विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस वन वाटिका की देखभाल में सहयोग करें और अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण को संरक्षित करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी और प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के निपटान का आश्वासन भी लोगों को दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर लोगों की समस्या के निदान के लिए दिशा निर्देश भी जारी किए।

इस अवसर पर पूर्व महापौर गोपाल नाग, आयुक्त नगर निगम नेत्रा मेती, डीएफओ संजीव शर्मा पार्षद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *