कुनिहार के स्कूलों को लेकर शिक्षा मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

Prince Kumar
3 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी की अध्यक्षता में कुनिहार कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कुनिहार के दो विद्यालयों के विलय और उन्हें सीबीएसई बोर्ड में परिवर्तित किए जाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दोनों विद्यालयों के मर्ज होने के बाद क्षेत्र के अभिभावकों और छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कई अभिभावक अपने बच्चों को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (एचपी बोर्ड) में पढ़ाना चाहते हैं, जबकि कुछ सीबीएसई बोर्ड को प्राथमिकता दे रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र में दोनों विकल्प उपलब्ध होना आवश्यक है।

उन्होंने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि छात्रों के भविष्य और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक विद्यालय को एचपी बोर्ड के अंतर्गत तथा दूसरे विद्यालय को सीबीएसई बोर्ड के तहत संचालित किया जाए।

इस पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर संवेदनशील है और छात्रों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस संबंध में कल तक निर्णय लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी, ताकि क्षेत्र में चल रही अनिश्चितता समाप्त हो सके।

विधायक संजय अवस्थी ने भी कहा कि क्षेत्र के लोगों की भावनाओं का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है और इस विषय का समाधान शीघ्र निकाला जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा विभाग जल्द ही ऐसा निर्णय लेगा, जिससे सभी पक्षों को संतुष्टि मिले।

इस दौरान ग्राम पंचायत कुनिहार के पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, एमसी अध्यक्ष कृष्ण चंद, राजेंद्र ठाकुर, ज्ञान जोशी, अनिल तंवर, जगदीश गर्ग, विनोद वेंस, सतीश ठाकुर, राजेश शांडिल, पवन कुमार, दीपक चौधरी, कुलदीप पंवर, रामराज, विजय सिंह कंवर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे पर सकारात्मक पहल करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार को सीबीएसई का दर्जा दिए जाने के साथ ही उक्त विद्यालय को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊंचा गांव के साथ मर्ज कर दिया गया था। तत्पश्चात कुछ दिनों पूर्व भी राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में एक बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें निर्णय लिया गया था कि उक्त दोनों विद्यालय सीबीएसई होने के पश्चात अब पहली से आठवीं तक की कक्षाएं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बैठेगी व कक्षा नवमी से दस जमा दो तक राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में शिक्षा ग्रहण करेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *