एक सितंबर के धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे विद्युत बोर्ड पैंशनर्स

Prince Kumar
2 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

(चंद्र प्रकाश नेगी)। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड पैंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार यूनिट की कार्यकारिणी की बैठक यूनिट प्रधान इंजी. रतन तंवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पैंशनरों की विभिन्न नीतिगत एवं लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर हिमाचल प्रदेश पैंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा एक सितंबर को शिमला में विधानसभा के समक्ष आयोजित किए जा रहे धरना एवं विरोध-प्रदर्शन में एकजुट होकर भाग लेने का निर्णय लिया गया।
बैठक में केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्णय का समर्थन करते हुए यूनिट के अधिक से अधिक सदस्यों को शिमला ले जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सदस्यों से धरना-प्रदर्शन में प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
एसोसिएशन ने कहा कि पैंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित, लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्युत बोर्ड पैंशनर्स वेलफेयर संगठन एक सितंबर को शिमला में होने वाले धरना-प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी करेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के अभियंताओं एवं कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चे द्वारा 2 सितंबर को अपने मांगों के समर्थन में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को संगठन नैतिक समर्थन देगा। एसोसिएशन ने कहा कि कर्मचारियों, अभियंताओं और पैंशनरों से जुड़े मुद्दों पर आपसी सहयोग, समन्वय और एकजुटता की भावना बनाए रखना जरूरी है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि पैंशनरों एवं कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *