आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने आज पंचरुखी में व्यापार मंडल द्वारा आयोजित किया जा रहा पारंपरिक होली महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
मंत्री ने इस अवसर पर आयोजित झंडा रस्म में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राधा कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना और पवित्र ध्वजारोहण कर विधिवत रूप से उत्सव की शुरुआत की।
झंडा यात्रा कला मंच पंचरुखी से पंचरुखी बाजार होते हुए राधा कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना करने के उपरांत वापस पंचरुखी पर ध्वजारोहण कर संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि पंचरुखी का यह होली उत्सव न केवल क्षेत्र की पहचान है, बल्कि यह व्यापार मंडल के दशकों पुराने समर्पण और सांस्कृतिक निष्ठा का प्रमाण भी है।
यादविंद्र गोमा ने इस आयोजन के ऐतिहासिक महत्व पर बल देते हुए कहा कि मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करेगा। मंत्री ने स्थानीय व्यापारियों की एकजुटता की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
आयुष मंत्री ने कहा कि पंचरुखी में 1 मार्च से लेकर 3 मार्च तक 22वीं ऑल इंडिया डॉ. वाई. एस. परमार वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1 मार्च को वह स्वयं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता की आयोजन स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर व्यापार मंडल और स्थानीय निवासियों ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पंचरुखी बाजार कमेटी के प्रधान सुदर्शन अवस्थी, यशपाल शर्मा, विनोद भूरिया, मिलाप चंद भूरिया, विद्यावास अवस्थी, हरिराम, रसम पटियाल, कैलाश लदौईया, पवन शर्मा और विनोद बलिया सहित कमेटी के अन्य प्रमुख सदस्य तथा कांग्रेस नेता ओपी धीमान, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।