हिमाचल फर्स्ट से खास बातचीत: वित्तीय संकट पर BJP का बड़ा हमला, पूर्व विधायक बलबीर सिंह बोले—प्रदेश अब “कार्निवल की सरकार” बनकर रह गया

Prince Kumar
3 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

 

स्पर्श शर्मा, अम्ब (ऊना) |

हिमाचल प्रदेश में गहराते वित्तीय संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार किया है। हिमाचल फर्स्ट से खास बातचीत में चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार अब केवल “कार्निवल की सरकार” बनकर रह गई है।

पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास हर साल कार्निवल, जश्न और उत्सव मनाने के लिए तो भरपूर धन है, लेकिन आम जनता के कल्याण और विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी बताई जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार लगातार कर्ज लेकर प्रदेश को आर्थिक दलदल में धकेल रही है, जिसका सबसे अधिक बोझ गरीब, अनुसूचित जाति और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रदेश गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है, तब सरकार को सबसे पहले अपने खर्चों पर नियंत्रण करना चाहिए था, लेकिन इसके उलट माननीयों के खर्चे दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं।

बलबीर सिंह ने चिंतपूर्णी के वर्तमान विधायक सुदर्शन सिंह बबलू पर भी हमला बोलते हुए कहा कि यदि आज सरकार यह कह रही है कि प्रदेश के पास विकास योजनाओं के लिए धन नहीं है, तो विधायक महोदय यह स्पष्ट करें कि पिछले तीन वर्षों में उन्होंने कौन-सी ऐसी ठोस विकास योजना लाई, जिसका शिलान्यास और बाद में उद्घाटन उन्होंने स्वयं किया हो।

उन्होंने कहा कि अब यदि सरकार के शेष बचे दो वर्षों में भी जनता के लिए विकास कार्यों हेतु धन उपलब्ध नहीं है, तो फिर जनता को भ्रमित करने के बजाय नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।

पूर्व विधायक ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि कहीं न कहीं विधायक महोदय को दो वर्ष पूर्व जबरन हेलीकॉप्टर में बैठाए जाने का पछतावा आज अवश्य हो रहा होगा। उस समय केवल दिखावे और प्रचार की राजनीति की गई, जबकि आज प्रदेश आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है।

बलबीर सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति, बढ़ते कर्ज और सरकार की गलत प्राथमिकताओं के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ी तो सड़कों से लेकर सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा।

Share This Article