हिमाचल की पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशु राज बनीं रॉयल कॉलेज ऑफ वेटरनरी सर्जन्स, लंदन की सदस्य

Prince Kumar
2 Min Read
Disclosure: This website may contain affiliate links, which means I may earn a commission if you click on the link and make a purchase. I only recommend products or services that I personally use and believe will add value to my readers. Your support is appreciated!

* ओमनी डिगी बैजनाथ
बैजनाथ-पपरोला नगर परिषद के वार्ड नंबर छह की निवासी डॉ. अंशुराज, सुपुत्री डॉ. निर्मला देवी एवं डॉ. देशराज, द्वारा उपरोक्त उपाधि प्राप्त करना हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है।
यह सदस्यता समारोह 29 अक्टूबर 2026 को लंदन में आयोजित किया गया। समारोह में रॉयल कॉलेज ऑफ वेटरनरी सर्जन्स के अध्यक्ष डॉ. टिम हिचिंस, MRCVS ने 13 देशों के 36 सफल अभ्यर्थियों को सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उन्हें पेशेवर शपथ दिलाई।

डॉ. अंशुराज का पेशेवर सफर डॉक्टर जी. सी. नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय CSKHPKV, पालमपुर से पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद शुरू हुआ। इसके पश्चात उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं आरंभ कीं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में पशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और पशुपालन क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वर्षों तक राजकीय सेवा देने के बाद उन्होंने असाधारण अवकाश लेकर विदेश में अपने पेशेवर अनुभव और क्षमताओं को नई दिशा देने का निर्णय लिया। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में वरिष्ठ पशु चिकित्सक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने बहुमूल्य अंतरराष्ट्रीय अनुभव अर्जित किया।

इसके उपरांत उनकी पेशेवर यात्रा यूनाइटेड किंगडम पहुंची। यहां उन्होंने रॉयल कॉलेज ऑफ वेटरनरी सर्जन्स की सदस्यता प्राप्त करने के लिए निर्धारित कठिन पेशेवर मूल्यांकन एवं परीक्षा प्रक्रिया को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। RCVS की सदस्यता विश्वभर में पशु चिकित्सा क्षेत्र के उच्च पेशेवर मानकों, विशेषज्ञता और योग्यता का प्रतीक मानी जाती है।

डॉ. अंशुराज की यह उपलब्धि उनकी व्यक्तिगत मेहनत, लगन और पेशेवर प्रतिबद्धता का परिणाम है। साथ ही यह हिमाचल प्रदेश के पशुपालन विभाग और समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी बिरादरी के लिए भी गर्व का विषय है।उनकी सफलता प्रदेश के युवा पशु चिकित्सकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
डॉ. अंशुराज ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता, पति डॉ. विजय कुमार, बेटी किंजल तथा हिमाचल प्रदेश के पशुपालन विभाग को दिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *