क्षेत्र के लोगों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल तकनीक नवाचार एवं शासन) गोकुल बुटेल ने आज पालमपुर में ‘एएनएच अल्ट्रासाउंड केंद्र’ (ANH Ultrasound Centre) का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में गोकुल बुटेल ने कहा कि इस अत्याधुनिक केंद्र के खुलने से स्थानीय नागरिकों और विशेषकर मरीजों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में कई बार अत्यधिक भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची (वेटिंग) के कारण मरीजों को जांच के लिए लंबी तारीखें मिलती हैं, जिससे गंभीर रोगियों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह नया केंद्र एक मजबूत वैकल्पिक और सहयोगी की भूमिका निभाएगा।
बुलेट ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अल्ट्रासाउंड केंद्र क्षेत्रवासियों को सुलभ और त्वरित जांच सेवाएं प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही, उन्होंने केंद्र के संचालकों से यह विशेष अपील की कि वे आम जनता को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्तापूर्ण अल्ट्रासाउंड और अन्य चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध करवाएं।
इस उद्घाटन समारोह से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है, क्योंकि अब उन्हें छोटी-बड़ी जांच के लिए दूरदराज के क्षेत्रों या लंबी प्रतीक्षा सूची का सामना नहीं करना पड़ेगा।
