पालमपुर में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए ‘एंडोमेनिया 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम का नेतृत्व देश के विख्यात दंत चिकित्सक डॉ. निखिल बहुगुणा (पूर्व अध्यक्ष IAACD एवं डिप्लोमेट, अमेरिकन बोर्ड ऑफ एस्थेटिक डेंटिस्ट्री) ने किया।
दंत चिकित्सक के इस कार्यक्रम में देश विदेश के कोने-कोने से आए दंत चिकित्सकों ने भाग लिया। डॉ. निखिल बहुगुणा ने उपस्थित डेलीगेट्स के साथ सीधा संवाद किया और रूट कैनाल ट्रीटमेंट (RCT) की आधुनिक तकनीकों पर अपने अनुभव साझा किए। हिमाचल प्रदेश में इस तरह का यह अपनी तरह का पहला आयोजन है, जो स्थानीय दंत चिकित्सकों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जिस तरह से दांतों के रोगों की बारीकियां के बारे में इस सम्मेलन में बताया गया है उससे आने वाले समय में मरीजों को बेहतर इलाज के अवसर मिलेंगे
इस कार्यक्रम की मुख्य आयोजक डॉ. श्वेता डोगरा ने बताया कि अब तक इस प्रकार के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और स्किल अपग्रेडेशन के लिए हिमाचल के दंत चिकित्सकों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था। लेकिन इस सफल आयोजन के बाद अब हिमाचल में ही ऐसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रशिक्षण से दंत चिकित्सक आरसीटी (RCT) के क्षेत्र में अधिक निपुण होंगे, जिसका सीधा लाभ आने वाले समय में मरीजों को बेहतर और सटीक उपचार के रूप में मिलेगा।
इस आयोजन की सफलता ने हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा पर्यटन और शैक्षणिक सम्मेलनों के लिए नए द्वार खोल दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि दंत सर्जनों के कौशल में इस सुधार से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में एक सकारात्मक बदलाव आएगा।